

डाक टाइम्स न्यूज़ चैनल
उग्रसेन कुमार गुप्ता/ब्यूरो
यूनिट हेड एन.पी सिंह और केन हेड सुधीर कुमार ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली का किया शुभारंभ, आधुनिक तकनीक से गन्ना उत्पादन बढ़ाने पर दिया जोर
खड्डा/कुशीनगर। शरदकालीन गन्ना बुवाई को प्रोत्साहित करने और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार,12अक्टूबर 2026 को आई.पी.एल चीनी मिल खड्डा की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ मिल के यूनिट हेड एवं प्रधान प्रबंधक एन.पी सिंह तथा केन हेड सुधीर कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया।
रैली के माध्यम से मिल क्षेत्र के किसानों को शरदकालीन गन्ना बुवाई के लाभ,उन्नत कृषि पद्धतियों और वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी गई। वाहनों एवं मोटरसाइकिलों पर प्रचार सामग्री और साउंड सिस्टम के जरिए किसानों को गन्ने की बेहतर बुवाई करने तथा प्रति हेक्टेयर उत्पादन बढ़ाने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान किसानों को आई.पी.एल फर्टिलाइजर एवं आई.पी.एल पेस्टीसाइड का उचित उपयोग कर गन्ने की फसल की गुणवत्ता और उत्पादकता बढ़ाने के प्रति प्रेरित किया गया। इसके साथ ही आधुनिक केन हार्वेस्टर से गन्ने की कटाई को सुविधाजनक बनाने के लिए ट्रेंच विधि से गन्ना बुवाई करने पर विशेष जोर दिया गया।
मिल प्रबंधन का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है, जिससे गन्ने की खेती अधिक लाभकारी बन सके और किसानों की आय में वृद्धि हो। रैली के माध्यम से पूरे मिल क्षेत्र में गन्ना बुवाई को लेकर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया।
इस जागरूकता अभियान में चीनी मिल के गन्ना विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। कार्यक्रम के जरिए किसानों को समय से शरदकालीन गन्ना बुवाई करने और वैज्ञानिक विधियों को अपनाकर बेहतर उत्पादन प्राप्त करने का संदेश दिया गया।
