रेलवे विभाग से एनओसी मिलने के बाद नगर पालिका पडरौना अध्यक्ष विनय जायसवाल ने शुरू कराई प्रकाश व्यवस्था की पहल, आवागमन होगा सुगम और सुरक्षित

डाक टाइम्स न्यूज़ चैनल
उग्रसेन कुमार गुप्ता/ब्यूरो चीफ़

पडरौना/ कुशीनगर।
नगरवासियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर पालिका परिषद पडरौना ने एक और महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। नगर के कोतवाली रोड स्थित नवनिर्मित अंडरपास में अब जल्द ही प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। रेलवे विभाग से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त होने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने अंडरपास में लाइट लगाने की प्रक्रिया शुरू करा दी है।
इस पहल से अंडरपास से होकर प्रतिदिन गुजरने वाले हजारों राहगीरों एवं वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब तक पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ता था। विशेषकर रात के समय अंधेरे के चलते दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि नगरवासियों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है। कोतवाली रोड अंडरपास में प्रकाश व्यवस्था की आवश्यकता को देखते हुए रेलवे विभाग से एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी कराई गई। अब नगर पालिका द्वारा लाइट लगाने का कार्य शुरू कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर का आवागमन सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए नगर पालिका लगातार प्रयासरत है।
नगरवासियों की सुविधा से जुड़ी इस पहल को नगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रकाश व्यवस्था शुरू होने के बाद अंडरपास से गुजरने वाले लोगों को रात के समय भी सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
इस अवसर पर नगर पालिका के प्रकाश विभाग से महेंद्र सिंह एवं प्रमोद मद्धेशिया सहित सर्वेश जायसवाल, अंकित अग्रवाल, बृजेश शर्मा, आकाश वर्मा, रोहन विश्वकर्मा, गौरव रौनियार, प्रवीण लाम्बा, सागर जायसवाल, संतोष चौहान, राजेश जायसवाल, अनिल पाण्डेय, जयप्रकाश, अजित कुमार एवं श्यामू शर्मा सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *