दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी, शांतिपूर्ण आयोजन के लिए अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश

डाक टाइम्स न्यूज़
उग्रसेन कुमार गुप्ता/न्यूज़ ब्यूरो

खड्डा/कुशीनगर। रविवार शाम को खड्डा नगर में नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट,रविवार शाम को उपजिलाधिकारी संतराज सिंह बघेल और क्षेत्राधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं पुलिस प्रशाशन ने खड्डा नगर में विभिन्न स्थानों पर भ्रमण करते हुए दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए इस पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और शांति व्यवस्था का माहौल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
खड्डा नगर में खड्डा थाना प्रभारी महेश कुमार चौबे, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा तथा नगर पंचायत खड्डा के सभी सम्मानित सभासदगण भी मौजूद रहे। पूरी टीम ने पूजा पंडालों में पहुंचकर आयोजन की तैयारियों और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने इस पर्व के दौरान भीड़ प्रबंधन, सुचारु आवागमन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता
एस.डी.एम एवं सीओ ने स्पष्ट रूप से कहा कि नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन का उद्देश्य यह भी है कि मां दुर्गा के दर्शन-पूजन अर्चना के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।
नगर पंचायत प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा एवं मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर इस पर्व को सफल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि और दशहरा केवल धार्मिक आस्था के पर्व ही नहीं, बल्कि आपसी प्रेम,भाई चारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश भी देते हैं।
सौहार्द बनाए रखने की अपील
प्रशासनिक एवं पुलिस टीम के नगर भ्रमण से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रियता दिखाई दी। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नगरवासियों से अपील की कि वे पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
प्रशासन ने पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए सतर्क रहने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *