






किसानों की खुशहाली और क्षेत्र की आर्थिक समृद्धि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : विजय कुमार दूबे
डाक टाइम्स न्यूज़ चैनल
उग्रसेन कुमार गुप्ता/ब्यूरो चीफ़
रामकोला/कुशीनगर।
लोकसभा क्षेत्र कुशीनगर के अंतर्गत रामकोला स्थित त्रिवेणी चीनी मिल के पेराई सत्र 2026-27 का गुरुवार को विधिवत पूजा-पाठ एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य शुभारंभ हुआ। कुशीनगर के लोकप्रिय सांसद विजय कुमार दूबे ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जनप्रतिनिधियों के साथ मिल के डोंगा में गन्ना डालकर नए पेराई सत्र का उद्धघाटन किया।
इस अवसर पर सांसद विजय कुमार दूबे ने कहा कि अन्नदाता किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों की खुशहाली, उनकी मेहनत का उचित मूल्य और क्षेत्र की आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता एवं प्रतिबद्धता है। चीनी मिल के नए पेराई सत्र के शुभारंभ से क्षेत्र के गन्ना किसानों को लाभ मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम में खड्डा विधायक विवेकानन्द पाण्डेय, रामकोला विधायक विनय प्रकाश गौड़, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फुलबदन कुशवाहा, हिन्दू युवा वाहिनी के जिला प्रभारी अजय गोविन्द राव (शिशु भैया), कुणाल राव, त्रिवेणी चीनी मिल के महाप्रबंधक सहित अनेक सम्मानित जनप्रतिनिधि, मिल के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान भाई उपस्थित रहे।
पेराई सत्र के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र के गन्ना किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। किसानों को उम्मीद है कि नया सत्र बेहतर गन्ना आपूर्ति, समयबद्ध भुगतान और क्षेत्र के विकास की नई उम्मीद लेकर आएगा।
