पडरौना/कुशीनगर। श्रावण मास के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ के भक्तों की सेवा और सुविधा के लिए नगर पालिका परिषद पडरौना ने विशेष सेवा अभियान चलाया। नगर पालिकाध्यक्ष विनय जायसवाल के निर्देशन में कुबेरस्थान जाने वाले कांवड़ियों, श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों के लिए कोतवाली रोड स्थित जूनियर हाईस्कूल के प्रांगण में ठहरने, जलपान, पेयजल, मेडिकल किट एवं विश्राम सहित तमाम आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।
सेवा कार्यक्रम की अगुवाई पालिकाध्यक्ष के प्रतिनिधि मनीष ‘बुलबुल’ जायसवाल ने स्वयं की। उन्होंने कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें जलपान कराया। सेवाकार्य की शुरुआत कांवड़ियों के चरण धोकर की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को पेय पदार्थ एवं प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन भी किया गया।
इस दौरान श्रद्धालुओं के चेहरे पर सेवा और सम्मान से खुशी दिखाई दी। नगर पालिका के कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पूरे उत्साह के साथ कांवड़ियों की सेवा में सहभागिता निभाई।
मीडिया से बातचीत करते हुए मनीष ‘बुलबुल’ जायसवाल ने कहा कि “महादेव के भक्तों की सेवा करना नर के रूप में स्वयं नारायण की सेवा करने के समान है। श्रद्धालुओं की सेवा हमारे लिए सौभाग्य और पुण्य का कार्य है।” उन्होंने बताया कि नगर पालिकाध्यक्ष विनय जायसवाल के नेतृत्व में पिछले करीब 20 वर्षों से यह सेवा कार्यक्रम निरंतर चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका प्रशासन एवं कर्मचारी कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। सावन मास को देखते हुए नगर के प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल तथा अन्य जरूरी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक अभय जी, सभासद अनिल जायसवाल, श्याम साहा सहित राजेश जायसवाल, सुनील चौहान, अरविंद कुशवाहा, अभय सिंह, ब्रजेश शर्मा, संजय साहा, सोनू शर्मा, नीरज मिश्रा, आकाश पांडेय, राजेश कुशवाहा, प्रदीप कुशवाहा, नन्हे पांडेय, संतोष चौहान, अंशु जायसवाल, सन्नी मिश्रा, रितेश दुबे, रितेश जायसवाल, भरत चौधरी, विनोद गुप्ता, भोला साहा, अनिल पांडेय, प्रमोद मद्धेशिया, सर्वेश जायसवाल, अंकित अग्रवाल, रवि शर्मा, मंथन सिंह, आकाश वर्मा, सचिन साहा, महेंद्र चौधरी, राजू जायसवाल, सोनू पाठक, मानस मिश्रा, सबलू दुबे, अशोक गुप्ता, मुरारी मद्धेशिया, पिंटू शाह, धर्मदेव सिंह, मनोज जायसवाल, राहुल शर्मा, अजय जायसवाल, संतोष मद्धेशिया समेत नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं की सेवा, स्वच्छता और सुविधा को प्राथमिकता देने की इस पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।

ब्यूरो चीफ उग्रसेन गुप्ता की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *