आपातकालीन द्वार, सुरक्षित बिजली व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन दुरुस्त करने के निर्देश, निरीक्षण कर आयोजक समितियों को दी चेतावनीडा
क टाइम्स न्यूज़
















उग्रसेन कुमार गुप्ता / ब्यूरो
खड्डा/कुशीनगर। दशहरा एवं शारदीय नवरात्रि को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी डॉ. संतराज सिंह बघेल ने थाना प्रभारी महेश कुमार चौबे के साथ खड्डा कस्बे में तैयार हो रहे मां दुर्गा के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आयोजक समितियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान खड्डा थाने के बगल में मां वैष्णो देवी मंदिर की तर्ज पर बन रहे भव्य पंडाल सहित सुभाष चौक, मिल कॉलोनी और तहसील रोड स्थित पूजा पंडालों की व्यवस्थाओं की जांच की गई। अधिकारियों ने आयोजक समितियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए।
आपातकालीन निकास द्वार अनिवार्य
उपजिलाधिकारी ने सभी पंडालों में आपातकालीन निकास द्वार की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भीड़ बढ़ने या किसी अप्रिय स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए निकास मार्ग स्पष्ट और बाधामुक्त होना चाहिए। पंडालों में श्रद्धालुओं के आवागमन को व्यवस्थित रखने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए भी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
बिजली के खुले तार मिले तो होगी परेशानी
बिजली व्यवस्था को लेकर एसडीएम ने विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पंडालों में खुले और नंगे बिजली के तार नहीं रहने चाहिए। सभी तारों और विद्युत कनेक्शनों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित कराया जाए, ताकि शॉर्ट सर्किट, करंट लगने और आग लगने जैसी घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
इसके साथ ही पंडाल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, रास्तों को व्यवस्थित रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी प्रबंध पूरे करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आयोजक समितियों से कहा कि पूजा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर लें और निरीक्षण में सामने आई कमियों को तत्काल दूर करें।
प्रशासन ने पूजा समितियों से आपसी समन्वय बनाए रखने और पूरे आयोजन के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मां दुर्गा के दर्शन-पूजन कर सकें और त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।
इस दौरान खड्डा थाने की टीम, राजस्व विभाग एवं विद्युत विभाग के कर्मचारी तथा दुर्गा पूजा आयोजक आर्यन जायसवाल उर्फ कोमल जायसवाल, गुड्डू मद्धेशिया,आनंद, गौरव चौरसिया, राज मद्धेशिया, साहिल गिरी सहित विभिन्न पंडाल समितियों के सदस्य मौजूद रहे।
