डाक टाइम्स न्यूज़ चैनल
उग्रसेन कुमार गुप्ता/ब्यूरो चीफ़

खड्डा/कुशीनगर। लोक आस्था एवं सूर्योपासना के महापर्व छठ को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं भव्य रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत खड्डा के वार्ड नंबर 12 स्वामी विवेकानन्द नगर स्थित जटाशंकर पोखरा छठ घाट का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान खड्डा के लोकप्रिय विधायक विवेकानन्द पाण्डेय एवं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा ने बोर्ड के सभासदगण, जनप्रतिनिधियों तथा एसडीएम खड्डा एवं एसएचओ खड्डा पुलिस बल के साथ छठ घाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक विवेकानन्द पाण्डेय ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, बैरिकेडिंग एवं व्रती माताओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा ने कहा कि लोक आस्था के महापर्व छठ पर व्रती माताओं एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय के कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व को भव्य, दिव्य एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना नगर पंचायत की प्राथमिकता है, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *