


उग्रसेन कुमार गुप्ता/ब्यूरो चीफ़
पडरौना/कुशीनगर। लोक आस्था, सूर्य उपासना और आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर पालिका परिषद पडरौना ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर क्षेत्र के पांच दर्जन से अधिक छठ घाटों को आकर्षक, स्वच्छ एवं सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं कराई जा रही हैं। इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने छावनी स्थित छठ घाट पर पहुंचकर स्वयं अपने हाथों से पूजा की बेदियों की रंगाई-पुताई कर तैयारियों का जायजा लिया।
नगर पालिका परिषद द्वारा प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नगर क्षेत्र के 60 से अधिक घाटों पर विशेष इंतजाम किए जाते हैं। इस बार भी सभी प्रमुख घाटों पर बेदियों की रंगाई-पुताई, साफ-सफाई, आकर्षक टेंट, प्रकाश व्यवस्था एवं जलपान सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी चल रही है। नगर पालिका की टीम लगातार घाटों को व्यवस्थित और सुंदर बनाने में जुटी हुई है।
इस अवसर पर नपाध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और समृद्ध लोक संस्कृति का अनुपम प्रतीक है। यह पर्व सामाजिक एकता, स्वच्छता और समर्पण का संदेश भी देता है। छठ व्रती माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर पालिका परिवार पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। हमारा संकल्प है कि नगर के प्रत्येक छठ घाट पर स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा एवं उल्लास के साथ महापर्व मना सकें।
इस दौरान कुंदन सिंह, विनय गोंड, राजेश जायसवाल, गौरव रौनियार, संदीप निगम, सनी सिंह, अभय तिवारी, विशाल गुप्ता, शालू पटेल, अनुज श्रीवास्तव सहित अनेक युवा साथी तथा नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
