डाक टाइम्स न्यूज़ चैनल
उग्रसेन कुमार गुप्ता/ब्यूरो चीफ़

40 से 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

सेवरही/कुशीनगर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक के साथ नगर पंचायत सेवरही स्थित बांसी नदी के तट पर बने ऐतिहासिक शिवा घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद उप जिलाधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष एवं छठ पूजा कमेटी के सदस्यों से वार्ता कर घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। नगर पंचायत अध्यक्ष एवं कमेटी के सदस्यों द्वारा उठाई गई मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को घाट को समतल कराने, सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की तैनाती, नाव एवं अन्य जरूरी सुरक्षा संसाधनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता को घाट तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य अतिरिक्त मैनपावर लगाकर तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष एवं कमेटी के सदस्यों ने शिवा घाट के पौराणिक महत्व से भी अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि छठ महापर्व के अवसर पर यहां प्रतिवर्ष भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं तथा इस बार भी लगभग 40 से 50 हजार श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, आवागमन एवं बुनियादी सुविधाओं को समय से दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि छठ पूजा से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, जिससे श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, आस्था और सुरक्षित माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *