








रामपुर गोनहा में श्रद्धा और भक्ति का उमड़ा जनसैलाब, विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसादडाक टाइम्स न्यूज़
उग्रसेन कुमार गुप्ता/ब्यूरो
खड्डा/कुशीनगर। लोकसभा क्षेत्र कुशीनगर के खड्डा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा रामपुर गोनहा के चौरसिया टोला में गुरुवार को शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ के शिव मंदिर एवं आदिशक्ति मां दुर्गा मंदिर का प्राण-प्रतिष्ठा एवं उद्घाटन समारोह विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की उपस्थिति से आयोजन स्थल पर उत्साह और आस्था का माहौल बना रहा।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ और जगत जननी मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की तथा समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को ग्रामवासियों के लिए आस्था और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर माना गया।
इस पावन अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह और सामाजिक सहभागिता देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने कामना की कि देवाधिदेव महादेव एवं मां दुर्गा की कृपा समस्त ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों पर सदैव बनी रहे।
वक्ताओं ने मंदिर को श्रद्धा, भक्ति, आध्यात्मिक जागरूकता और सामाजिक सद्भाव का केंद्र बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल लोगों को आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होने के साथ ही लोगों के बीच मेल-मिलाप और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।
ये गणमान्य रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूल बदन कुशवाहा, हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिला प्रभारी अजय गोविन्द राव (शिशु भैया), संतोष मणि त्रिपाठी, रामानुज मिश्रा, संतोष दूबे, कुणाल राव, खड्डा नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा, भाजपा खड्डा मंडल अध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, छितौनी नगर अध्यक्ष अशोक निषाद, मुकुल दूबे एवं ग्राम प्रधान वीरेन्द्र गुप्ता सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
