

पडरौना। भाद्रपद शुक्ल पंचमी यानी ऋषि पंचमी के पावन अवसर पर कसौधन समाज द्वारा सप्तर्षियों में शामिल महर्षि कश्यप जी महाराज की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम पडरौना नगर में रेलवे क्रासिंग के समीप नगरपालिका परिषद द्वारा स्थापित महर्षि कश्यप जी महाराज की प्रतिमा स्थल पर आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगरपालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन किया और महर्षि कश्यप जी महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना कर भव्य आरती की। भक्ति गीतों और जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर नपाध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि महर्षि कश्यप भारतीय ऋषि परंपरा के महान ऋषियों में से एक हैं। उनका जीवन तप, त्याग, ज्ञान, धर्म और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप की जयंती मनाना केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी गौरवशाली ऋषि परंपरा और संस्कारों को याद करने का अवसर है।
उन्होंने कसौधन समाज की एकता, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों और ऋषि परंपरा से परिचित कराना जरूरी है। उन्होंने बताया कि नगरपालिका परिषद पडरौना द्वारा स्थापित महर्षि कश्यप जी महाराज की प्रतिमा समाज के लोगों के लिए आस्था और प्रेरणा का केंद्र बनी हुई है।
कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष ‘बुलबुल’ जायसवाल, कसौधन समाज के जिलाध्यक्ष धनंजय कसौधन, जिलामहामंत्री राजन कसौधन, उपाध्यक्ष संदीप कसौधन, नगर अध्यक्ष चंदन कसौधन के अलावा राजेश कसौधन, प्रदीप कसौधन, डॉ. शुभम कसौधन, विशाल कसौधन, सूर्यांश कसौधन, शिव कसौधन, जयकरन कसौधन (खड्डा), विनम्र कसौधन, पंकज कसौधन, ओमप्रकाश कसौधन, अभिषेक कसौधन सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
ब्यूरो चीफ कुशीनगर उग्रेशन गुप्ता की रिपोर्ट
