


भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए पुलिसकर्मियों ने दोहराई निष्ठा, राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहने का लिया प्रण
डाक टाइम्स न्यूज़ चैनल
उग्रसेन कुमार गुप्ता/ब्यूरो चीफ़
कुशीनगर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कुशीनगर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने पुलिस कार्यालय में उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। सभी पुलिसकर्मियों ने देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को बनाए रखने तथा राष्ट्र की संप्रभुता के प्रति निष्ठावान रहने का संकल्प दोहराया।
शपथ ग्रहण के दौरान राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के साथ ही देश की सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संदेश दिया गया। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्श आज भी देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकजुटता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचारों को आत्मसात करते हुए प्रत्येक पुलिसकर्मी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से राष्ट्रसेवा के प्रति सदैव तत्पर रहने तथा आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता के बीच विश्वास कायम करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का दायित्व केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, शांति और विश्वास का वातावरण मजबूत करना भी है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर सिद्धार्थ वर्मा, क्षेत्राधिकारी कार्यालय वीरेन्द्र कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को अपनाते हुए देश की सेवा और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
