जन्माष्टमी एवं डोल मेले पर रोशन रहेगा नगर पालिका पडरौना, जन्माष्टमी एवं डोल मेले को लेकर चेयरमैन ने बिजली विभाग को दिए सख्त निर्देश

मंदिरों, एवं मेला स्थलों और जुलूस मार्गों की विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए दिए निर्देश, पूर्व के दौरान 24 घंटे सतर्क रहेगा विभाग

पडरौना/कुशीनगर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और डोल मेले को लेकर पडरौना नगर पालिका प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पूर्व के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति और बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए शनिवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय में अध्यक्ष विनय जायसवाल की अध्यक्षता में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
बैठक में विद्युत विभाग के एक्सईएन, एसडीओ, जेई समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। नगर पालिका अध्यक्ष ने जन्माष्टमी, डोल मेले और धार्मिक जुलूसों को देखते हुए शहर की विद्युत व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रमुख मंदिरों, मेला स्थलों, जुलूस मार्गों और प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विद्युत पोल, तारों और स्ट्रीट लाइटों का स्थलीय निरीक्षण कर जहां भी खामियां हैं, उन्हें पर्व से पहले ही दुरुस्त कराया जाए।
विनय जायसवाल ने कहा कि जन्माष्टमी आस्था और उल्लास का पर्व है। डोल मेले और धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को नगर पालिका प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने तथा पर्व के दौरान 24 घंटे सतर्क और तत्पर रहने के निर्देश दिए, ताकि बिजली से जुड़ी किसी भी समस्या या आपात स्थिति का तत्काल समाधान किया जा सके।
नगर पालिका प्रशासन की ओर से साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। बैठक के बाद संबंधित विभागों ने पर्व को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
जन्माष्टमी और डोल मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर नगर पालिका ने कमर कस ली है। शहर के प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थलों को रोशन रखने के साथ व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

ब्यूरो चीफ कुशीनगर उग्रसेन गुप्ता की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *