गुरु पूर्णिमा पर संत-महात्माओं का हुआ भव्य सम्मान, गुरु परंपरा के संरक्षण का लिया संकल्प
पडरौना/कुशीनगर। भारतीय संस्कृति में गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और समर्पण के प्रतीक गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर पडरौना नगर स्थित चित्रगुप्त मंदिर में संत-महात्माओं एवं गुरुजनों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद पडरौना के अध्यक्ष विनय जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।



कार्यक्रम के दौरान नगर मंडल अध्यक्ष भुवनेश्वर मिश्रा एवं मनोज शर्मा के नेतृत्व में चित्रगुप्त मंदिर के पीठाधीश्वर एवं पूज्य महंत अजय दास जी महाराज को अंगवस्त्र एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित जनसमूह ने गुरुजनों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए भारतीय संस्कृति की गौरवशाली गुरु-शिष्य परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान के प्रदाता नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। उनके आदर्शों एवं शिक्षाओं से ही संस्कारित, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि गुरुजनों का सम्मान करना हमारी सनातन संस्कृति की पहचान है और यह परंपरा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
महंत अजय दास जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में समाज में नैतिक मूल्यों, सद्भाव, सेवा और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही व्यक्ति अपने जीवन को सफल और समाज को समृद्ध बना सकता है।
कार्यक्रम में देवेंद्र मिश्रा, विष्णु जायसवाल, कन्हैया कुशवाहा, संतोष यादव, पिंटू साह सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संत-महात्माओं के आशीर्वाद एवं राष्ट्र तथा समाज की सुख-समृद्धि की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।
ब्यूरो चीफ कुशीनगर उग्रसेन गुप्ता की रिपोर्ट
