



पडरौना/कुशीनगर। नगर पालिका परिषद पडरौना ने नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। शनिवार को जलकल भवन परिसर में नगर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था एवं जनसुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नवप्राप्त आधुनिक वाहनों एवं मशीनों का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अर्चन कर उन्हें जनसेवा के लिए समर्पित किया गया।
नगर पालिका परिषद द्वारा दो अत्याधुनिक स्काई लेडर वाहन, दो कूड़ा लोडिंग डम्पर तथा दो सीवर सेफ्टी मशीनों को नगर सेवा में शामिल किया गया। इन आधुनिक संसाधनों के जुड़ने से नगर की स्वच्छता व्यवस्था को नई गति मिलेगी, सीवर सफाई कार्य अधिक सुरक्षित एवं तकनीकी रूप से बेहतर ढंग से संपन्न होगा तथा अग्निकांड अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को भी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर पालिका परिषद का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। परिषद नगर के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और भविष्य में भी जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जाएगा।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के सभासदगण, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नवीन वाहनों एवं मशीनों के नगर सेवा में शामिल होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पडरौना के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं सराहनीय कदम बताया। अंत में नगर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं विकसित बनाने का सामूहिक संकल्प दोहराया गया।





ब्यूरो चीफ कुशीनगर उग्रसेन गुप्ता की रिपोर्ट

