फाजिलनगर/कुशीनगर। सावन मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चाफ खास स्थित प्राचीन श्री हट्ठी माई मंदिर से भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक हेतु भव्य एवं ऐतिहासिक कलश यात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति, युवा एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के गगनभेदी जयघोष से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष “बुलबुल” जायसवाल रहे। उन्होंने भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन कर क्षेत्रवासियों की सुख- शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य,और खुशहाली की मंगलकामना की।
मुख्य अतिथि मनीष “बुलबुल” जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना, तप, श्रद्धा और सेवा का पावन महीना है। ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति को सशक्त बनाने के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव, भाई चारे और सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक परंपराओं का संरक्षण हम सभी का दायित्व है।
मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई कलश यात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव से सहभागिता की, जबकि युवा “बोल बम” के जयघोष के साथ पूरे उत्साह से आगे बढ़ते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर क्षेत्र, प्रदेश एवं देश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में संयोजक रतन खत्री, संतोष मिश्रा,आशुतोष मिश्रा सहित विमला देवी, सुनीता देवी, सुशीला देवी, बिंदु देवी, आशा देवी, कमलावती देवी, प्रियंका देवी, सविता देवी, मोनू कुमार, रितेश पटेल, विनय राज, लवकुश दुबे, रंजीत गौड़, अजय गोंड, आचार्य अभिमन्यु दुबे, गुलाब प्रसाद, पप्पू, विशाल प्रसाद, अमित यादव, उज्ज्वल दुबे, रंजीत पटेल, छोटेलाल ठाकुर, चंचल प्रसाद, सन्नी मिश्रा, श्याम टीब्रेवाल, अनूप गौड़, संजय सिंघल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों का सराहनीय योगदान रहा।
धार्मिक आस्था, अनुशासन और उत्साह से परिपूर्ण यह कलश यात्रा पूरे क्षेत्र के लिए आकर्षण का केंद्र रही। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना एवं भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने एक स्वर में “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ भगवान शिव से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
ब्यूरो चीफ कुशीनगर उग्रसेन गुप्ता की रिपोर्ट
