श्रीराम-जानकी मंदिर निर्माण के लिए हुआ भूमि पूजन

मथौली/कुशीनगर। नगर पंचायत मथौली में गुरुवार को सांसद विजय कुमार दुबे ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान नगरवासियों में उत्साह का माहौल रहा। सांसद ने वार्ड नंबर पांच हरैया में नवनिर्मित अध्ययन केंद्र, वार्ड नंबर 12 में 20 किलोवाट क्षमता के सोलर सिस्टम, पशु चिकित्सालय के नवनिर्मित भवन व बाउंड्रीवाल का लोकार्पण किया।
नगर को स्वच्छ रखने के लिए चार नई कूड़ा गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। वहीं विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दो मोबाइल ट्रांसफार्मरों का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पशु चिकित्सा और विद्युत जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दे रही है। विकास कार्यों का सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा और क्षेत्र में आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएंगे।
इसके बाद सांसद ने श्रीराम बाजार स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर परिसर पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। मंदिर निर्माण की शुरुआत से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा।
नगर पंचायत अध्यक्ष नवरंग सिंह ने कहा कि मथौली को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इस दौरान भाजपा नेता संजय सिंह मुन्ना, ब्लॉक प्रमुख मोतीचक अर्चना सिंह, ब्लॉक प्रमुख सुकरौली रंजना पासवान, नरेंद्र श्रीवास्तव, व्यास मुनि सिंह सहित सभासद, नगर पंचायत कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

ब्यूरो चीफ कुशीनगर उग्रसेन गुप्ता की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *