संविलियन विद्यालय मठिया जयकिशुन के बच्चों ने पीड़ी सिटी मॉल में देखी ‘श्री हनुमान अंश’ फिल्म


पडरौना/कुशीनगर।पडरौना संविलियन विद्यालय मठिया जयकिशुन के छात्र-छात्राओं के लिए रविवार का दिन खास रहा। विद्यालय के बच्चों को शिक्षकगण के साथ पीड़ी सिटी मॉल में ‘श्री हनुमान अंश’ फिल्म दिखाई गई। फिल्म देखने को लेकर बच्चों में खासा उत्साह रहा और उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष “बुलबुल” जायसवाल ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ फिल्म देखी। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ मनोरंजन, संस्कार और रचनात्मक गतिविधियां भी जरूरी हैं। ऐसे आयोजन बच्चों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार करते हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके चेहरे पर मुस्कान लाना और उन्हें बेहतर वातावरण देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जोड़ना भी आवश्यक है।
फिल्म के माध्यम से बच्चों को मनोरंजन के साथ भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था से जुड़े पहलुओं को जानने-समझने का अवसर मिला। फिल्म के दौरान बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं शिक्षक सुनीता चौधरी, शिवानन्द मिश्र, सुनील कुमार पाण्डेय, अमरदेव, हर्षित कुमार तिवारी, गीता राय, मंजू मिश्रा और पंकज कन्नौजिया सहित अन्य शिक्षकगण मौजूद रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने फिल्म का आनंद लिया।
विद्यालय के शिक्षकगण ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों के मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने इस विशेष आयोजन के लिए मनीष ‘बुलबुल’ जायसवाल के प्रति आभार जताया।
ब्यूरो चीफ कुशीनगर उग्रसेन गुप्ता की रिपोर्ट
