139वें एपिसोड का हुआ लाइव प्रसारण, प्रधानमंत्री के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

डाक टाइम्स न्यूज़ चैनल
उग्रसेन कुमार गुप्ता ब्यूरो

खड्डा/कुशीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड का रविवार को खड्डा विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेकानंद पाण्डेय के आवास पर लाइव प्रसारण किया गया। विधायक के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा जनता दरबार में पहुंचे फरियादियों ने प्रधानमंत्री का संबोधन ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के विचारों के माध्यम से जैविक खेती, महिला सशक्तिकरण, वोकल फॉर लोकल, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं, तकनीकी नवाचार, भारतीय अन्न, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। साथ ही त्योहारों के अवसर पर स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने और छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े सामाजिक बदलाव लाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विधायक विवेकानंद पाण्डेय ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सकारात्मक बदलाव और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने वाला सशक्त माध्यम है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, पोषण और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने नगरवासियों एवं क्षेत्रीय जनता से स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर खड्डा विधानसभा का निर्माण जनसहयोग से ही संभव है। उन्होंने नागरिकों से जनगणना जैसे राष्ट्रीय दायित्व में भी सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के प्रति लोगों को प्रेरित करना रहा।
इस दौरान आनन्द सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *