
मानव स्वास्थ्य से लेकर मिट्टी की सेहत तक की चिंता, ग्रामीणों और किसानों को मिला विशेषज्ञों का मार्गदर्शन
डाक टाइम्स न्यूज़ चैनल
ममता देवी न्यूज़ रिपोर्टर
खड्डा (कुशीनगर), 23 नवंबर। इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) की सामाजिक उत्तरदायित्व पहल के तहत आईपीएल फाउंडेशन ने ग्रामीण स्वास्थ्य और कृषि कल्याण की दिशा में सराहनीय कदम उठाया। सोमवार को आईपीएल शुगर यूनिट, खड्डा के सहयोग तथा राइज फाउंडेशन के संयोजन में चीनी मिल परिसर में वृहद ‘वन हेल्थ कैंप’ का आयोजन किया गया। इस शिविर में 750 लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और मृदा परीक्षण संबंधी सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में स्वयं सहायता समूहों की 100 महिलाएं, आईपीएल विद्यालय के 350 छात्र-छात्राएं तथा 300 किसान शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मानव स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, मृदा संरक्षण, फसल सुरक्षा और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के प्रति ग्रामीण समुदाय को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में जिला गन्ना अधिकारी कुशीनगर हुडा सिद्दीकी, गन्ना अनुसंधान संस्थान सेवरही के संयुक्त निदेशक डॉ. सुभाष सिंह, खड्डा गन्ना समिति के अध्यक्ष सुप्रियम मालवीय तथा छितौनी गन्ना समिति के अध्यक्ष समीर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
आईपीएल शुगर यूनिट खड्डा के यूनिट हेड विकास के. चौधरी एवं केन हेड सुधीर कुमार के विशेष सहयोग से आयोजित इस शिविर में ग्रामीण स्वास्थ्य और किसान कल्याण को प्राथमिकता दी गई। अधिकारियों ने कहा कि आईपीएल फाउंडेशन का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एन. गुप्ता के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। डॉ. मंजुलिका भारद्वाज, विदुषी चौधरी एवं गौरव ने इसमें सहयोग किया। वहीं डॉ. बी.एन. पांडेय, डॉ. जितेंद्र कुमार यादव, डॉ. अजय कुमार पांडेय, डॉ. पूजा शर्मा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. रवि प्रताप पांडेय एवं डॉ. आर.के. गुप्ता सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।
शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तचाप, ब्लड शुगर, आंखों और दांतों की जांच निःशुल्क की गई। महिलाओं एवं बच्चों को स्वच्छता, संतुलित पोषण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया। दूसरी ओर किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार मृदा परीक्षण, संतुलित उर्वरकों के प्रयोग, फसल संरक्षण और आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर राइज फाउंडेशन के सचिव अभय त्रिपाठी ने सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, आईपीएल शुगर यूनिट के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आईपीएल फाउंडेशन एवं शुगर यूनिट प्रबंधन की यह पहल ग्रामीण समाज के स्वास्थ्य और कृषि विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आईपीएल शुगर यूनिट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, चिकित्सकों, कृषि विशेषज्ञों तथा राइज फाउंडेशन की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
