पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ गर्भवती महिलाओं को वितरित हुआ पौष्टिक आहार

डाक टाइम्स न्यूज़
उग्रसेन कुमार गुप्ता ब्यूरो

छितौनी/कुशीनगर। सेवा संकल्प अभियान के तीसरे दिन सोमवार को नगर पंचायत छितौनी कार्यालय सभागार में विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं लाभपरक योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए आवेदन प्राप्त किए गए।
कैंप में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित अन्य सरकारी योजनाओं के लिए पात्र लाभार्थियों से आवेदन लिए गए। कर्मचारियों द्वारा लोगों को योजनाओं की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अधिकारी अखिलेश कुमार यादव द्वारा अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। वहीं गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार का वितरण कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत की ओर से पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिशासी अधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। सेवा संकल्प अभियान इसी उद्देश्य को धरातल पर पहुंचाने का माध्यम है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत कार्यालय के लिपिक अमित सिंह, हर्षित मल्ल, कम्प्यूटर ऑपरेटर प्रशांत मिश्रा, रविन्द्र चौहान, जितेन्द्र यादव, भानु प्रसाद, अवनीश सिंह, उपेन्द्र उपाध्याय, मुकेश निषाद, वकील चौरसिया एवं वीरेंद्र शर्मा सहित क्षेत्र की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *