



खड्डा/कुशीनगर। शुक्रवार को खड्डा क्षेत्र के भैंसहा घाट पर बड़ी गंडक नदी के तटबंध के ठोकर नंबर 3 एवं 4 का अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने औपचारिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तटबंध की स्थिति, नदी के जलस्तर तथा आसपास के क्षेत्रों में संभावित बाढ़ की परिस्थितियों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
निरीक्षण में जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, जिला उपाध्यक्ष विवेकानन्द शुक्ल, नगर पंचायत खड्डा अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा, भाजपा खड्डा मंडल अध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, खड्डा एसडीएम सर्वेश गौड़, बाढ़ खंड के एसडीओ एवं जेई सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नदी से सटे गांवों में ग्रामीणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा स्थानीय परिस्थितियों को बारीकी से समझा। मौके पर एसडीआरएफ की टीम मय फोर्स रेस्क्यू एवं निगरानी कार्य में सक्रिय दिखाई दी। जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने एसडीआरएफ टीम से स्थिति की जानकारी लेते हुए किसी भी आपात परिस्थिति में ग्रामीणों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तटबंध की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बड़ी गंडक नदी के किनारे सुरक्षा इंतजामों को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों की सक्रियता से स्थानीय लोगों में भी राहत की भावना दिखाई दी।
इस दौरान भाजपा नेता भीखम प्रसाद, पिछड़ा मोर्चा जिला महामंत्री व्यास वर्मा, सोहरौना के प्रधान प्रतिनिधि सुनील प्रजापति, सुधीर दूबे, सभासद राजेश्वर सिंह, अभिषेक कुशवाहा, सभासद प्रतिनिधि प्रदीप गुप्ता, सभासद प्रदीप सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं सम्मानित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
