नगर पालिका परिषद पडरौना में नये वाहनों एवं आधुनिक मशीनों का हुआ पूजन




पडरौना। नगर पालिका परिषद पडरौना के जलकल भवन परिसर में नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल द्वारा नगर के विकास एवं जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने हेतु प्राप्त नये वाहनों एवं आधुनिक मशीनों का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया।
इस अवसर पर दो स्काई लेडर वाहन,दो कूड़ा लोडिंग डम्पर तथा दो सीवर सेफ्टी मशीनों का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन कर नगर सेवा हेतु समर्पित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि इन आधुनिक संसाधनों के शामिल होने से नगर में स्वच्छता व्यवस्था, सीवर सफाई कार्य एवं आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री परम पूज्य योगी आदित्यनाथ महाराज के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से पडरौना नगर निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका परिषद अध्यक्ष की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नये वाहनों एवं मशीनों के संचालन से सफाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा कर्मचारियों की कार्यक्षमता और सुरक्षा में भी वृद्धि होगी।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि आधुनिक तकनीक और संसाधनों से सुसज्जित नगर पालिका,पडरौना को स्वच्छ, सुरक्षित एवं विकसित नगर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर सभासदगण अनिल जायसवाल, मोनू सिंह, श्याम साहा, रामआश्रय गौतम,छोटेलाल कुशवाहा,गोलू सहित महेंद्र चौधरी,मनोज सिंह, बृजेश शर्मा, सन्नी मिश्रा राजेश जायसवाल,संतोष चौहान मंथन सिंह, मृतुन्जय दीक्षित, अनिल पाण्डेय, भोला साहा, अजय शर्मा व नगर पालिका परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कुशीनगर ब्यूरो चीफ उग्रसेन गुप्ता की रिपोर्ट
