अयोध्या की तर्ज पर मानस कॉलोनी के श्री बुढ़िया माता मंदिर परिसर में सजा आस्था और भक्ति का अनुपम संगम, हजारों श्रद्धालु हुए मंत्रमुग्ध

डाक टाइम्स न्यूज़ चैनल
उग्रसेन कुमार गुप्ता/ब्यूरो

पडरौना, कुशीनगर।


रामनगरी अयोध्या के ऐतिहासिक दीपोत्सव से प्रेरणा लेकर नगर पालिका परिषद पडरौना के अध्यक्ष विनय जायसवाल द्वारा सात वर्ष पूर्व शुरू की गई दीपोत्सव की अनूठी पहल आज नगर की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। मानस कॉलोनी स्थित श्री बुढ़िया माता मंदिर परिसर के नवनिर्मित छठ घाट पर इस वर्ष सातवें दीपोत्सव का आयोजन बेहद भव्यता और आध्यात्मिक उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर 31 हजार दीपों की जगमगाती रोशनी से पूरा छठ घाट आलोकित हो उठा। दीपों की अनुपम छटा और भक्तिमय वातावरण ने हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दरअसल, वर्षों पहले जब अयोध्या में भव्य दीपोत्सव की शुरुआत हुई थी, तभी पालिकाध्यक्ष विनय जायसवाल ने यह संकल्प लिया था कि पडरौना में भी ऐसा आयोजन हो, जो धार्मिक आस्था के साथ-साथ नगर की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को नई पहचान दे। इसी सोच के साथ उन्होंने श्री बुढ़िया माता मंदिर परिसर में दीपोत्सव की परंपरा शुरू कराई। सात वर्षों के निरंतर प्रयास और जनसहभागिता का परिणाम है कि आज यह आयोजन पडरौना के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल हो गया है।
31 हजार दीपों से जगमगाते छठ घाट का विहंगम दृश्य श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम प्रस्तुत कर रहा था। आयोजन में हर आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। स्थानीय नागरिकों ने इसे पडरौना की गौरवशाली परंपरा बताते हुए कहा कि छठ घाट का दीपोत्सव अब केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि एकता, आस्था, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बन चुका है।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि दीपोत्सव का वास्तविक संदेश केवल दीप जलाना नहीं, बल्कि मन के अंधकार को दूर कर जीवन में सकारात्मकता, सद्भाव और प्रकाश फैलाना है। हमारा प्रयास है कि पडरौना भी अयोध्या की भांति आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित हो और हमारी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रहें। उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए नगर पालिका की टीम और स्वयंसेवक पूरी निष्ठा से जुटते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई, सजावट, सुरक्षा और पार्किंग की विशेष व्यवस्थाएं की जाती हैं।
वहीं, मंदिर के प्रधान पुजारी श्री वीरेंद्र जी महाराज ने मंदिर की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पुरातन काल में यहां बंजारों द्वारा वनदेवी की पिंडियों की स्थापना की गई थी। बाद में तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने मंदिर का निर्माण कराया। उन्होंने कहा कि माता के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था है। यहां दूर-दराज से भक्त दर्शन-पूजन और मन्नत मांगने आते हैं। मंदिर परिसर में भक्तों को अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति होती है।
दीपों की रोशनी, भक्ति के सुर और श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। सात वर्षों से निरंतर प्रज्ज्वलित हो रही यह परंपरा आज पडरौना की धार्मिक चेतना, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक एकजुटता की मिसाल बन रही है।
इस दौरान आयुष जायसवाल, सर्वेश उपाध्याय, प्रियम द्विवेदी, आकाश चौहान, आकाश वर्मा, शुभम सिंह, भास्कर शर्मा, नंदिनी श्रीवास्तव, कामिनी तिवारी, वैशाली दुबे, नंदिता कुमारी, पिंकी शर्मा, रीता देवी, कौशल्या देवी, रानी देवी, रामू पाण्डेय, विनम्र चौहान, अरविंद कुशवाहा, अभय सिंह, शीतल सिंह, पुजारी प्रसाद सहित सैकड़ों की संख्या में भक्तजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *