विनय जायसवाल के निर्देशन में 139वें एपिसोड का हुआ लाइव प्रसारण, विद्यार्थियों और नगरपालिका कर्मियों ने सुना प्रधानमंत्री का संबोधन

डाक टाइम्स न्यूज़ चैनल
उग्रसेन कुमार गुप्ता/ब्यूरो चीफ़

पडरौना/कुशीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड का रविवार को नगरपालिका परिषद पडरौना में लाइव प्रसारण किया गया। नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष विनय जायसवाल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में पुस्तकालय के विद्यार्थियों एवं नगरपालिका कर्मियों ने प्रधानमंत्री का संबोधन ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने जैविक खेती, महिला सशक्तिकरण, वोकल फॉर लोकल, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं, तकनीकी नवाचार, भारतीय अन्न, राष्ट्रीय एकता और देश की सांस्कृतिक विरासत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए। उन्होंने त्योहारों के अवसर पर स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर देते हुए संदेश दिया कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकते हैं।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को सकारात्मक बदलाव और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, पोषण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने नगरवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर पडरौना के निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की। साथ ही जनगणना को राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए नागरिकों से इसमें सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में गौरव रौनियार, मनीष पाठक, अभय मारोदिया, आदर्श जायसवाल, भाष्कर शर्मा, अनिल पाण्डेय, आकांक्षा दुबे, रागिनी मिश्रा, स्वाती गुप्ता, प्रियंका केसरी, निशा तिवारी, निकिता सिंह, कुंदन सिंह, आकाश वर्मा, संदीप गुप्ता, पंकज सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *