खड्डा/कुशीनगर। खड्डा विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित नारायणी नदी पर प्रस्तावित पक्के पुल के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। सोमवार को नाबार्ड (नेशनल बैंक फॉर एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट), उत्तर प्रदेश के उप महाप्रबंधक राजेश कुमार सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ खड्डा विधानसभा के विधायक विवेकानंद पांडेय ने प्रस्तावित पुल स्थल का अंतिम निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पुल निर्माण से जुड़ी सभी आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया गया। इसे निर्माण प्रक्रिया का अंतिम चरण माना जा रहा है। अब शीघ्र ही उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करकमलों द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किए जाने की तैयारी है।
नारायणी नदी पर बनने वाला यह बहुप्रतीक्षित पक्का पुल क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगा। पुल के निर्माण से हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी, ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा व्यापार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और समग्र क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और विकास के नए द्वार खुलेंगे।
इस अवसर पर विधायक विवेकानंद पांडेय ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और खड्डा विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नारायणी नदी पर बनने वाला यह पुल क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा तथा वर्षों से चली आ रही जनभावनाओं को साकार करेगा।
निरीक्षण के दौरान नाबार्ड के उप महाप्रबंधक राजेश कुमार सिंह, वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ब्यूरो चीफ कुशीनगर उग्रसेन गुप्ता की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *