





डाक टाइम्स न्यूज़ चैनल
उग्रसेन कुमार गुप्ता/ब्यूरो
खड्डा/कुशीनगर। खड्डा विधानसभा क्षेत्र के नौतार जंगल एवं पहाड़पुर गांव में शुक्रवार की देर रात अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। आग की चपेट में आने से करीब 4 से 5 घर जलकर राख हो गए। घरों में रखा अनाज, कपड़े, घरेलू सामान समेत पूरी गृहस्थी बर्बाद हो गई। पीड़ित परिवारों के सामने अब जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।
आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलते ही खड्डा विधायक विवेकानन्द पाण्डेय और राजस्व विभाग मधुकर श्रीवास्तव पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख:-दर्द साझा किया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
विधायक ने तत्काल राहत पहुंचाते हुए पीड़ित परिवारों को व्यक्तिगत रूप से आर्थिक सहायता प्रदान की तथा पात्र परिवारों को राशन किट उपलब्ध कराई। साथ ही संबंधित उच्चाधिकारियों से वार्ता कर पीड़ितों को शीघ्र मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने और नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
विधायक विवेकानन्द पाण्डेय ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवार अकेले नहीं हैं। उनके साथ मजबूती से खड़े होकर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ईश्वर से प्रभावित परिवारों को इस दुख:द घटना से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस दौरान भाजपा खड्डा मंडल अध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, विधायक प्रतिनिधि विकास तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
