
पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और त्रुटियों में सुधार कराने की अपील
डाक टाइम्स न्यूज़ चैनल
उग्रसेन कुमार गुप्ता/ब्यूरो
पडरौना/कुशीनगर। विधानसभा क्षेत्र 330 पडरौना में विशेष मतदाता अभियान के तहत नए मतदाताओं के पंजीकरण एवं मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में नगरपालिका परिषद पडरौना के अध्यक्ष विनय जायसवाल ने नगर के विभिन्न बूथ कैंपों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्राप्त आवेदनों, नाम-पते में सुधार तथा अन्य संशोधन संबंधी फॉर्मों के संग्रह की जानकारी ली। साथ ही कैंपों में नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
नगर पालिका अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप सक्रियता से कार्य करने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना बेहद जरूरी है। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति नागरिकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि निर्धारित आयु पूरी कर चुके पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं। वहीं, जिन मतदाताओं के नाम, पते या अन्य विवरणों में त्रुटियां हैं, वे संबंधित बूथ कैंप में पहुंचकर आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन करें।
श्री जायसवाल ने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए जनसहयोग और जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से विशेष अभियान का लाभ उठाने तथा अपने परिवार और आसपास के पात्र लोगों को भी मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने की अपील की, ताकि विधानसभा क्षेत्र 330 पडरौना में अधिक से अधिक पात्र नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
इस दौरान मुन्ना कुशवाहा, अविनाश चौहान, राजेश जायसवाल, अभय मारोदिया, शुभम सिंह, सुनील पाण्डेय, भास्कर शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
