घर-घर जाएंगे, दरवाजा खटखटाएंगे, बीमारी भगाएंगे
1 min readसौरभ पाण्डेय की रिपोर्ट
दो सितंबर से चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान
02 से 14 सितम्बर तक दस्तक तो 30 सितम्बर तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान
महराजगंज:- जिले में दो सितंबर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण तथा दस्तक अभियान का तीसरा चरण चलेगा। आगामी 14 सितम्बर तक जहाँ दस्तक अभियान चलेगा, वहीं 30 सितम्बर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलेगा। इसके तहत कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे, दरवाजा खटखटाएंगे तथा दिमागी बुखार से निपटने का तरकीब बताएंगे।
इस संबंध में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के दौरान वेक्टर नियंत्रण, साफ सफाई, कचरा निस्तारण, जल भराव रोकने, शुरू पेयजल उपलब्ध कराने, जन संवाद द्वारा जागरूकता लाने की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कराने के लिए आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम तथा शिक्षा विभाग के लोगों को प्रशिक्षित भी किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि दो से 14 सितम्बर तक चलने वाले द्स्तक अभियान के तहत विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की अंतर्विभागीय गतिविधियां जारी रहेंगी।
जिसके साथ-साथ आशा एवं आंगनबाङी कार्यकर्ता घर-घर जाकर दरवाजा खटखटाएंगी। स्टीकर लगाएंगी। लोगों को दिमागी बुखार से बचाव तथा इसके उपचार के बारे में लोगों में जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगी।
दस्तक अभियान को प्रभावी बनाने में क्षेत्रीय कार्यकर्ता जैसे आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम , शिक्षक तथा ग्राम प्रधान की अहम भूमिका है। अभियान में बुखार के रोगियों को नजदीक के सरकारी अस्पताल में त्वरित तथा सही उपचार कराए जाने पर विशेष बल दिया जाएगा।
दिमागी बुखार के लक्षण
– माथे को छूने पर शरीर गर्म महसूस होना।
-पूरे शरीर में लगातार दर्द रहना।
-मिचली आना, उल्टी आना।
-बेवजह हड़बड़ाहट, शरीर में झटके आना।
-बेहोश हो जाना।
अभियान में इन विभागों की होगी सहभागिता
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि दो से 30 सितम्बर तक चलने वाले अभियान में इन विभागों की सहभागिता होगी।
इन विभागों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास विभाग,पंचायती राज विभाग, वेक्टर कंट्रोल, शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, जल निगम, दिव्यांगजन विभाग, कृषि विभाग, सिंचाई विभाग, पशुपालन विभाग प्रमुख हैं।